Vadodara News: 'पीएम ई-बस सेवा' के तहत वड़ोदरा को मिलेंगी आधुनिक एसी इलेक्ट्रिक बसें, जानें खासियतें

 


वड़ोदरा शहर के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह से आधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल और आरामदायक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम ई-बस सेवा' (PM e-Bus Sewa) योजना के तहत वड़ोदरा में आधुनिक सुविधाओं से लैस वातानुकूलित (AC) इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े का विस्तार किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर में प्रदूषण को कम करना और नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन का एक बेहतर व हाई-टेक विकल्प उपलब्ध कराना है।

केंद्र सरकार की इस योजना के तहत आने वाले दिनों में वड़ोदरा को कुल 250 इलेक्ट्रिक बसों का शानदार बेड़ा मिलने वाला है, जिसके तहत हाल ही में चरणों में लाई गई नई एसी ई-बसों का संचालन शुरू किया गया है। इन आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों के सड़कों पर उतरने से न केवल शहर की हवा साफ रहेगी, बल्कि यात्रियों का सफर भी बेहद सुहाना और आरामदायक हो जाएगा।

इन नई इलेक्ट्रिक बसों की खासियतों की बात करें तो ये पूरी तरह से जीरो-एमिशन (प्रदूषण मुक्त) तकनीक पर आधारित हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए इन बसों में जीपीएस-इनेबलड लाइव व्हीकल ट्रैकिंग, डिजिटल टिकटिंग सिस्टम और ऑनबोर्ड पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे यात्रियों को रियल-टाइम अपडेट्स मिलते रहते हैं। इतना ही नहीं, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का खास ख्याल रखते हुए इन बसों में हाइड्रोलिक लिफ्ट और एक्सेस रैंप की व्यवस्था भी की गई है, ताकि हर वर्ग के नागरिक आसानी से सफर का आनंद ले सकें।

वड़ोदरा नगर निगम और स्थानीय प्रशासन का यह प्रयास शहर को 'क्लिन सिटी, ग्रीन सिटी' के विजन की ओर तेजी से आगे ले जा रहा है। इन अत्याधुनिक एसी ई-बसों के संचालन से न सिर्फ शहर के लोगों को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से राहत मिलेगी, बल्कि वड़ोदरा के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में एक क्रांतिकारी बदलाव भी देखने को मिलेगा।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال